हत्या के बाद परिजनों ने शव रखकर किया हंगामा, सीओ ने समझाकर कराया शांत

गडेरना गांव में युवक की हत्या से मचा हड़कंप, तीन और लोगों पर साथ देने का आरोप

JALAUN NEWS: रेंढर थाना क्षेत्र के ग्राम गडेरना में युवक की हत्या के बाद रविवार को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पहुंचे क्षेत्राधिकारी अम्बुज ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिया। ग्राम गडेरना निवासी धर्मेंद्र की शुक्रवार रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक के बड़े भाई सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेंद्र के दोस्त राहुल के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया था। रविवार को जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई सुरेंद्र, अशोक, मां विद्या देवी और पत्नी रूबी ने गांव के ही तीन अन्य लोगों पर मुख्य आरोपी राहुल के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। परिजनों के हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सीओ अम्बुज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *