दीपावली पर जिलाधिकारी ने गौवंश को खिलाया गुड़-चना, दिया स्नेह और सेवा का संदेश

डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने गौसेवा को बताया पुण्य कार्य, व्यवस्थाओं का लिया विस्तृत जायजा

JALAUN NEWS: दीपावली के शुभ अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज गौशाला पिया निरंजनपुर पहुंचकर वहां संरक्षित 493 गौवंशों को गुड़, चना और केला खिलाकर गो सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश हमारी भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक हैं, इनकी सेवा करना न केवल नैतिक दायित्व है, बल्कि यह एक पुण्य कार्य भी है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौशाला की सफाई, भोजन और चिकित्सा व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे, ताकि किसी भी पशु को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में रखे भूसे, चोकर और चारे-पानी की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया तथा बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गौवंश संरक्षण और देखभाल के लिए सभी आवश्यक संसाधन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अवस्थी, खंड विकास अधिकारी तथा पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *