Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: शांतिपुरम स्थित “द कोर्टयार्ड” हाउसिंग प्रोजेक्ट गंभीर विवाद में फंस गया है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट पर माननीय सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी) प्रयागराज की अदालत ने स्थगन आदेश (Stay Order) जारी किया है, साथ ही प्रोजेक्ट के विरुद्ध एफ.आई.आर. भी दर्ज हो चुकी है। इसके बावजूद बिल्डर अनुराग अग्रवाल द्वारा न्यायालय के आदेश की खुली अवहेलना करते हुए निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया। यह बात विनीता अग्रवाल पत्नी स्वर्गीय अंशुल अग्रवाल ने मीडिया के सामने कही है और न्याय की गुहार लगाई है। विनीता अग्रवाल के अनुसार, पुलिस प्रशासन द्वारा कई बार हस्तक्षेप किए जाने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका गया। बिल्डर द्वारा अधिकारियों और स्थानीय निवासियों को बार-बार चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा गया कि “कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता,” जिससे न्याय व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर प्रश्न उठ खड़े हुए हैं। वहीं उनके द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कोर्ट के आदेश के बाद यमुना पार डीपी कार्यालय सहित थाना फाफामऊ से करीब पांच बार निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश और आख्या मांगी गई। बावजूद इसके, निर्माण कार्य बदस्तूर जारी रहा। अंततः बीते दिन पुलिस प्रशासन ने भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य को पूरी तरह से बंद कराया। वहीं, परियोजना स्थल के मुख्य द्वार पर “यह भूमि विवादित है” का नोटिस पोस्टर लगाकर स्थिति स्पष्ट कर दी गई। उक्त आदेश ध्रुव अग्रवाल निवासी कीडगंज चौखंडी के पक्ष में जारी किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद खुलेआम अवमानना करना न केवल कानून की अवहेलना है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को भी चुनौती देना है। बताते चलें कि विनीता अग्रवाल जोकी ध्रुव अग्रवाल की बहु हैं और उनके पति स्वर्गीय अंशुल अग्रवाल इस प्रोजेक्ट में जमीन के शेयर होल्डर थें और कैंसर बीमारी से उनकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के बाद बिल्डर और एक पार्टनर के द्वारा लगातार मनमाने ढंग से नवनिर्मित फ्लैट को बेचने का आरोप है। वहीं दूसरी ओर विनीता के ससुर ध्रुव अग्रवाल ने अब अपनी बहू को इस प्रॉपर्टी शेयर का मलिक लिखा पड़ी में घोषित किया है जिससे उन्होंने अपने हक़ की लड़ाई जोर से लड़ना शुरू कर दी हैं।