Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक ने अपने चचेरे भाइयों पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक घेरवा गांव निवासी शनि कुमार, स्वर्गीय सोहन रैदास के पुत्र हैं। उन्होंने बुधवार सुबह लगभग 9 बजे कोतवाली बिंदकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। शिकायत में उन्होंने अपने चचेरे भाई शिवा और आकाश, जो रोशन रैदास के पुत्र हैं, पर संपत्ति के लालच में मारपीट करने का आरोप लगाया है। शनि कुमार ने पुलिस को बताया कि छह साल पहले उनके पिता की कैंसर से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों द्वारा परेशान किए जाने पर उनकी मां भी अपने मायके चली गई थीं। शनि कुमार वर्तमान में अपने दादा-दादी के साथ रहते हैं।
पीड़ित का आरोप है कि उनके चचेरे भाई उन्हें संपत्ति के लालच में घर से भगाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रात में सोते समय उन पर हमला कर जान से मारने की कोशिश की गई, जिसमें वे किसी तरह भागकर अपनी जान बचा पाए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी लान सिंह ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।