असद कासिम मेमोरियल अंडर-16 राज्य स्तरीय क्रिकेट 26 से

फोटो पत्रकार वार्ता में असद कासिम स्मृति क्रिकेट की जानकारी देते अध्यक्ष शाहिद अस्करी

आठ टीमों को दिया गया है प्रवेश

PRAYAGRAJ NEWS: स्वर्गीय असद कासिम मेमोरियल अंडर-16 राज्य स्तरीय क्रिकेट 26 से दौलत हुसैन इंटर कॉलेज मैदान पर शुरू होगी। नौ नवम्बर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आठ टीमों भाग लेंगी जिसमें छह टीमें प्रयागराज की और दो टीमें प्रदेश के दूसरे जिले की होंगी। प्रतियोगिता अध्यक्ष शाहिद अस्करी ने गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध प्रतियोगिता के कुछ मुकाबले मजीदिया इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर भी खेले जायेंगे। इसमें आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में शिवपुर क्रिकेट क्लब वाराणसी, डीएसए क्रिकेट क्लब प्रयागराज, भानु प्रताप क्रिकेट क्लब प्रयागराज और शुआट्स क्रिकेट क्लब प्रयागराज को रखा गया है जबकि ग्रुप-बी में एचएस क्लब वाराणसी, दौलत हुसैन इंटर कॉलेज प्रयागराज, गोपाल दास क्रिकेट क्लब प्रयागराज और किशोरी लाल क्रिकेट क्लब प्रयागराज है। प्रत्येक ग्रुप से दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जिसमें ग्रुप ए की पहली टीम ग्रुप बी की दूसरी टीम से और ग्रुप बी की दूसरी टीम ग्रुप ए की पहली टीम से भिड़ेगी। सभी मैच 35-35 ओवर के खेले जायेंगे। मैच में, टीमों को गेंद, टी-शर्ट और दोपहर का भोजन समिति द्वारा प्रदान किया जाएगा। आयोजन सचिव शमशाद अहमद (चंदू) ने बताया कि उद्घाटन मुकाबला 26 अक्टूबर को शिवपुर क्लब वाराणसी और डीएसए क्लब के बीच सुबह साढ़े आठ बजे से दौलत हुसैन इंटर कॉलेज पर खेला जायेगा। उद्घाटन मैच में हिमांशु कुमार कुशवाहा (सीएमडी, एके इंफ्राड्रीम लिमिटेड) मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि मोहम्मद अशरफ (सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार, औद्योगिक न्यायाधिकरण, यूपी) होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *