Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

वंचितों को न्याय दिलाने के लिए उठाया कदम
FATEHPUR NEWS: जनपद के बिंदकी नगर स्थित अंबेडकर चौराहे पर गुरुवार को सरदार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एस. पटेल ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछड़ों, दलितों और वंचितों की लगातार हो रही हत्याओं के विरोध में यह स्वाभिमान रथ यात्रा निकाली गई है।
डॉ. पटेल ने कहा कि प्रदेश में इन समुदायों के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई जा रही है और उनके महापुरुषों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि समाज को जागरूक करने, उनके हक, अधिकार, नौकरी और रोजगार दिलाने के लिए सरदार सेना द्वारा पूरे प्रदेश में ‘सरदार पटेल स्वाभिमान रथ’ के माध्यम से जनहित संकल्प यात्रा चलाई जा रही है। यह यात्रा 22 अक्टूबर को कानपुर देहात जनपद के गौरी करन गांव से शुरू हुई थी, जो अर्जक संघ के संस्थापक डॉ. रामस्वरूप वर्मा की जन्मस्थली है। गुरुवार को यह यात्रा कानपुर जनपद के असधना गांव से आगे बढ़ी। यात्रा जहानाबाद, लहुरी सराय, बिरनई, अमौली और खजुहा होते हुए बावन इमली शहीद स्मारक पहुंची जहां सरदार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एस. पटेल सहित सभी उपस्थित लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सरदार सेना गुजरात से चिराग पटेल, महाराष्ट्र प्रांत के नागपुर से अविनाश काकडे के अलावा वीरेंद्र सिंह, रोहित उमराव, सत्येंद्र पटेल, जगदीश्वर पटेल, सुरेश वर्मा, मुकेश पटेल और रामलाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।