Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फाइल फोटो शिवम गुप्ता एवं टीपू उर्फ साहिल ख़ान
MIRZAPUR NEWS: गुरुवार की सुबह मीरजापुर से वाराणसी घूमने निकले तीन दोस्तों की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर नेशनल हाइवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मीरजापुर के दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर निवासी टीपू खान उर्फ साहिल खान (24 वर्ष), देहात कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर निवासी शिवम गुप्ता (22 वर्ष) और प्रकाश कुमार (24 वर्ष) गुरुवार की सुबह वाराणसी घूमने के लिए निकले थे। तीनों दोस्त बाइक से निकले थे लेकिन किसे पता था कि यही सफर उनकी ज़िंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बताया जा रहा है कि रूपापुर के पास नेशनल हाइवे पर लौटते समय उनकी बाइक एक खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और टीपू व शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीसरा साथी प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से पुलिस ने तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर जैसे ही मीरजापुर पहुंची, दोनों युवकों के घरों में कोहराम मच गया। माताओं की चीखें और पिता के आंसू ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया। टीपू के पिता घुरई खान, जो रिक्शा चालक हैं, बेटे के मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गए। पूरा घर मातम में डूबा गया, लेकिन उस मां की चीखें पूरे मोहल्ले में गूंज रही है। पड़ोसी तक रो पड़े। कोई शब्द नहीं था जो उस औरत के दर्द को कम कर सके। वो मां, जिसने बेटे को हर ठोकर से बचाया। आज उसकी लाश के आगे बेबस खड़ी थी। मां की आंखों में वो सवाल था, जिसका जवाब खुद किस्मत के पास भी नहीं था।