Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मोहम्मद अरिफ सिद्दीकी को तिलक लगाकर आरती करती हिन्दू बहने
हिंदू बहनों ने अपने मुंह बोले मुस्लिम भाई को तिलक लगाकर आरती उतारी और उनकी लंबी उम्र की कामना की
BHADOHI NEWS: भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और आस्था से जुड़ा पर्व भैयादूज गुरुवार को हर्षाेल्लास व विधि-विधान के साथ मनाया गया। इस दौरान हिंदू बहनों ने अपने मुस्लिम भाई को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, जो सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बना। इस दौरान पर्व के अवसर पर बहनों ने कठिन व्रत धारण कर भाइयों की सलामती के लिए मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भाइयों को मिठाई खिलाई और आरती उतारकर उनके दीर्घायु होने की प्रार्थना की। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मो.आरिफ सिद्दीकी चकइनायत मोहल्ले में अपनी मुंह बोली बहन समाजसेविका अनीता गुप्ता के घर पहुंचे। वहां अनीता गुप्ता सहित अन्नापूर्णा देवी, रिंकी गुप्ता, जाह्नवी गुप्ता, कुमकुम गुप्ता, रश्मी गुप्ता, प्रिया गुप्ता व चार्ली गुप्ता आदि हिंदू बहनें पहले से ही मौजूद थीं।सभी हिंदू बहनों ने अपने मुंह बोले मुस्लिम भाई मो.आरिफ सिद्दीकी को तिलक लगाया, आरती की और उनका मुंह मीठा कराया। उन्होंने मो.आरिफ सिद्दीकी की लंबी उम्र की कामना की। हिंदू बहनों के इस भाव को देखकर मो. आरिफ सिद्दीकी भावुक हो गए। उनकी आंखों से प्रसन्नता के आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि यही हमारे भारत देश की खूबसूरती है, जहां प्यार, मोहब्बत, एकता और भाईचारा देश के कोने-कोने में देखने को मिलता है। जो दुनिया के किसी भी देश में नहीं मिल सकता। श्री सिद्दीकी ने अपनी बहनों से वादा किया कि यह भाई हर मौके पर उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि जब भी बहन को भाई की जरूरत पड़ेगी। यह भाई अपने जिस्म के खून का एक-एक कतरा देने के लिए तैयार रहेगा। उन्होंने बहनों को उपहार भी दिया।