Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़ाकुल तिराहे के समीप मंगलवार रात जुआ खेलने के दौरान हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते युवकों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई, जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात कुछ युवक एक स्थान पर बैठकर जुआ खेल रहे थे। जुए के खेल के दौरान ही किसी बात को लेकर उनमें कहासुनी शुरू हो गई। यह कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट और फिर चाकूबाजी में बदल गई। बताया जा रहा है कि मोहित गुप्ता ने अपने भाइयों के साथ मिलकर दिनेश, गोपाल, सुरेश और एक अन्य युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और चारों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शोहरतगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश की हालत अत्यधिक गंभीर देखते हुए उसे तत्काल माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहीं, गोपाल, सुरेश और चौथे अज्ञात घायल का इलाज सीएचसी शोहरतगढ़ में जारी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जुआ खेलने को लेकर इस इलाके में पहले भी कई बार विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस तरह के अवैध स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने और जुआरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद जुआ खेलने को लेकर हुआ था। उन्होंने पुष्टि की कि चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दिनेश की हालत नाजुक है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।