Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

रेलवे द्वारा बढ़ाई गई हैं कई सुविधाएं
FATEHPUR NEWS: छठ पूजा का आगमन और दीपावली पर्व का समापन के बाद कामगारों की लौटान के कारण फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ रही है। मुंबई, दिल्ली, झांसी, सूरत, जयपुर और पंजाब जैसे गैर-प्रांतों में जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ बिहार रूट पर भी यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
भीड़ के कारण कई ट्रेनों में सीटें पूरी तरह से भर चुकी हैं और कुछ में 15 नवंबर तक वेटिंग लिस्ट पहुंच गई है। स्टेशन पर अप-डाउन मिलाकर लगभग 70 ट्रेनों का ठहराव है, जिनमें प्रयागराज, बीकानेर-जयपुर, नार्थईस्ट, महानंदा, कालका, रीवा, जोधपुर हावड़ा, चौरीचौरा, लिच्छवी, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और मुरी जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। बिहार रूट पर चलने वाली महानंदा और जोधपुर लिच्छवी एक्सप्रेस के कोच पूरी तरह भरे हुए हैं। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 46 साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कराया है। ये ट्रेनें सप्ताह में दो फेरे लगाती हैं, जिससे यात्रियों को यात्रा में कुछ राहत मिल रही है। स्टेशन पर टिकट बिक्री और भीड़ प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) की संख्या चार से बढ़ाकर 11 की गई, जबकि रेल टिकट काउंटर दो से बढ़ाकर चार कर दिए गए हैं। त्योहार के मद्देनजर स्टेशन पर लाइटिंग की व्यवस्था दुरुस्त की गई है और वाटर बूथ/टंकी भी ठीक कर दी गई है। स्टेशन अधीक्षक जयनाथ यादव के अनुसार सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) भी मुस्तैद हैं। इन अतिरिक्त व्यवस्थाओं से यात्रियों को काफी राहत मिली है।