Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कैम्प लगाकर लोगों का लिया ब्लड सैंपल
FATEHPUR NEWS: असोथर विकास खंड के जरौली गांव के मजरा देशी का डेरा में डेंगू से दो बच्चों की मौत की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर, स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने गांव में कैंप लगाया। टीम ने मरीजों की जांच की और 12 संदिग्ध रोगियों के खून के नमूने लिए। बताते चलें कि बीते सप्ताह, इस मजरे में चार वर्षीय मानवी पुत्री रामविशाल निषाद की बुधवार को कानपुर के एक निजी अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई थी। इससे दो दिन पहले, छह साल के गुड्डू पुत्र प्रेमचंद निषाद की भी मौत हुई थी, जिसकी पुष्टि भी डेंगू बुखार से हुई है। स्वास्थ्य टीम शुक्रवार को गांव पहुंची। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर और जिला स्तरीय टीम तुरंत मौके पर पहुंची। असोथर पीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज गुप्ता ने बताया कि सर्दी, जुकाम, बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। संदिग्ध 12 रोगियों के ब्लड सैंपल लेकर जिला चिकित्सालय भेजे गए हैं। स्वास्थ्य टीम ने गांव में एंटी-लार्वा छिड़काव का आश्वासन भी दिया है। टीम में डॉ. जितेंद्र कुमार, लैब टेक्नीशियन कमलेश कुमार, विमलेश कुमार, फार्मासिस्ट दिनेश कुमार, शिवनाथ, आशा कार्यकर्ता मुन्नी देवी, सुनीता भट्ट और ग्राम प्रधान मनीषा देवी शामिल थीं।