प्रेमी जोड़े को लोगों ने पहुंचाया थाना, आपसी समझौता कर दोनों ने की शादी

थाना किशनपुर क्षेत्र का मामला, फाल्गुन गिरी मंदिर में हुई शादी

FATEHPUR NEWS: जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र के भसरौल गांव में एक प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने खेतों में मिलने के दौरान पकड़ लिया और उनकी पिटाई की। बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता होने पर कस्बे के फाल्गुन गिरी मंदिर में उनकी शादी करा दी गई। प्रेमिका ने प्रेमी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था। रघुवर का डेरा मजरे रायपुर भसरौल निवासी 20 वर्षीय अनीता देवी और गाजीपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी 22 वर्षीय रामजी लंबे समय से प्रेम संबंध में थे। रामजी हाल ही में मुंबई से अपने गांव लौटा था और अपनी प्रेमिका से मिलने भसरौल पहुंचा था। जब वे खेतों में चोरी-छिपे मिल रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को पकड़कर पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) के हवाले कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजन और प्रेमी जोड़ा थाने पहुंचे। उन्होंने आपसी समझौता करते हुए कोई कानूनी कार्रवाई न करने की बात कही। इसके बाद देर शाम कस्बे के फाल्गुन गिरी मंदिर में दोनों की शादी संपन्न हुई। मंदिर में प्रेमी जोड़े ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और मौजूद परिजनों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के परिजन और कई ग्रामीण उपस्थित थे। इस मामले में थाना प्रभारी सत्यदेव गौतम ने बताया कि दोनों बालिग थे और दोनों पक्ष आपसी समझौता कर चले गए थे। उन्होंने शादी की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि यदि दोनों पक्ष राजी रहे होंगे तो शादी हो गई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *