565 केंद्रों पर होगी डीएलएड प्रथम सेमेस्टर परीक्षा 27 अक्टूबर से

तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए बनाए गए है कुल 386 केंद्र
तीन नवंबर तक कराई जाएगी परीक्षा:सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी
PRAYAGRAJ NEWS: डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की सेमेस्टर परीक्षाएं 27 अक्टूबर से आरंभ होंगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए प्रदेश में कुल 565 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए कुल 386 केंद्रों पर कराई जाएगी। तृतीय सेमेस्टर की एक नवंबर को होने वाली परीक्षा की तिथि उत्तर प्रदेश परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने अभ्यर्थियों की मांग पर परिवर्तित कर तीन नवंबर कर दी है, क्योंकि एक नवंबर को पुलिस कंप्यूटर आपरेटर की भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। पीएनपी के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने आज बताया कि डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए कुल 251457 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जबकि तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में 167704 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र गुरुवार को जारी कर दिए गए है। तृतीय सेमेस्टर के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र 26-27 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे। पीएनपी सचिव के अनुसार प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 27 से 29 अक्टूबर तथा तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 30, 31 अक्टूबर एवं तीन नवंबर को कराई जाएगी। दोनों सेमेस्टरों की पहले दिन की परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली का समय सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दूसरी पाली का समय दोपहर 1.30 से 3.30 बजे तक निर्धारित है।
पीएनपी के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों सेमेस्टरों की शेष दो दिनों की परीक्षा तीन-तीन पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली का समय सुबह 10 से 11 बजे, दूसरी पाली का समय 11.30 से 12.30 बजे तथा तीसरी पाली का समय 2.00 से 3.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा के लिए उन विद्यालयों को केंद्र नहीं बनाया गया है, जहां डीएलएड की कक्षाएं संचालित होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *