Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम पत्रकार एलएन सिंह उर्फ पप्पू की चाकुओं से गोदकर की गई हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य हमलावर विशाल को मुठभेड़ के बाद गिरफ़्तार कर लिया है. इस मुठभेड़ में आरोपी विशाल के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगी हैं. उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ अजय पाल शर्मा के मुताबिक एक दिन पहले पत्रकार एलएन सिंह का किसी बात को लेकर आरोपी विशाल के साथ विवाद हुआ था. जिसके बाद उसने खुल्दाबाद से चाकू खरीद कर अपने साथियों के साथ मिलकर एलएन सिंह पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.
एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक एलएन सिंह की हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. जबकि पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. एडिशनल पुलिस कमिश्नर के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है. उनके मुताबिक मुख्य आरोपी विशाल को पुलिस रिमांड पर लेकर भी पूछताछ करेगी.
एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉक्टर अजय पाल शर्मा के मुताबिक घटनास्थल का अधिकारियों ने निरीक्षण किया. घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्य इकट्ठा किए गए और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई गई है. इसके बाद यह खुलासा हुआ कि आरोपी विशाल ने ही वारदात को अंजाम दिया है, जिसके बाद उसे मुठभेड़ में गिरफ़्तार किया गया है.
एसीपी के मुताबिक हत्यारोपियों से किस बात को लेकर मृतक पत्रकार का झगड़ा हुआ था, इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी विधिक कार्यवाही है वह अमल में लाई जाएगी.
उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार के साथ हमारी पूरी सहानुभूति है. सरकार की ओर से हर संभव मदद पीड़ित परिवार को दिलाई जाएगी. एसपी ने कहा है कि पुलिस दिन रात नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने की कोशिश कर रही है. अगर कोई भी व्यक्ति कानून तोड़ेगा और अपनी सीमाओं का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.