केएलएनजेपी अस्पताल में दलित किशोर की मौत

दिल्ली। केएलएनजेपी अस्पताल में दलित किशोर की मौत के बाद रबूपुरा के महाराणा प्रताप चौक पर शुक्रवार सुबह परिजन और लोगों ने चक्का जाम कर दिया। रबूपुरा-झाझर रोड पर सुबह साढ़े सात से साढ़े नौ बजे तक दो घंटे चौक पर जाम से वाहनों की कतारें लग गईं।आक्रोशित लोग हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे डीसीपी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया, इसके बाद यातायात सुचारू हो सका। वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने भी पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर इंसाफ दिलाने की बात कही है।रबूपुरा के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी अनिकेत (17) पुत्र सतीश की शुक्रवार तड़के दिल्ली स्थित लोकनायक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। 15 अक्तूबर को अनिकेत का जन्मदिन था। पार्टी करने के लिए अनिकेत अपने चाचा सुमित और भाई के साथ सैय्यद का तालाब क्षेत्र में गया था। यहां पुराने झगड़े को लेकर कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में अनिकेत और सुमित घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अनिकेत की गंभीर हालत देख उसे पहले जिम्स और बाद में शारदा अस्पताल रेफर किया। दो दिन बाद हालत बिगड़ने पर अनिकेत को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *