Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कार्यालय की साफ-सफाई, मनरेगा कार्यों एवं अभिलेख प्रबंधन की स्थिति की किया समीक्षा
AMETHI NEWS: मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल द्वारा आज खंड विकास अधिकारी कार्यालय शाहगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी कमलेश कुमार अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। कार्यालय कक्ष की साफ-सफाई एवं अभिलेख रखरखाव व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, किंतु कार्यालय प्रांगण एवं मुख्य मार्ग की साफ-सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी शाहगढ़ को निर्देशित किया कि तत्काल सफाई कर्मियों की टोली लगाकर पूरे परिसर की साफ-सफाई कराई जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मनरेगा योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा “मनरेगा सॉफ्ट पोर्टल” पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर की गई। समीक्षा में यह पाया गया कि विकासखंड शाहगढ़ की कुल 39 ग्राम पंचायतों में से 21 ग्राम पंचायतों में कार्य प्रचलित हैं, जबकि शेष ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), शाहगढ़ को निर्देशित किया कि शेष ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना अंतर्गत उपलब्ध निर्देशों व आदेशों के अनुसार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराए जाएँ, ताकि सभी पात्र श्रमिकों को रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समय से ग्रामीणों तक पहुँचे।
कार्यालय अनुशासन एवं अभिलेख प्रबंधन पर विशेष बल
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय समय का पूर्ण पालन करें तथा अपने कार्यस्थल पर आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से धारण करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कर्मचारी के टेबल पर नाम पट्टिका (Name Plate) स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होनी चाहिए, जिससे आगंतुकों को पहचान एवं संवाद में सुविधा हो। मुख्य विकास अधिकारी ने अभिलेख प्रबंधन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियाँ व्यवस्थित रूप से संधारित की जाएँ, उन पर पत्रावली संकेतांक (File Index) एवं शीर्षक नाम (Subject Name) अंकित हों, जिससे दस्तावेज़ों की ट्रैकिंग एवं त्वरित खोज में सुविधा हो।
सीडीओ का निर्देश — योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुँचना सुनिश्चित करें
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की सभी महत्त्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा, स्थल निरीक्षण एवं ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व दोनों स्थापित हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि “स्वच्छ कार्यालय, सशक्त प्रशासन का आधार है” — अतः प्रत्येक कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के साथ कार्यालय की स्वच्छता, अनुशासन एवं कार्य निष्पादन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें।