Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत युगराज सिंह पीजी कॉलेज में कार्यशाला आयोजित
FATEHPUR NEWS: नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत शनिवार को साइबर थाना फतेहपुर द्वारा युगराज सिंह पीजी कॉलेज में साइबर अपराध से बचाव हेतु एक जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके सिखाना था।
यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अपराध बृज मोहन राय के नेतृत्व में आयोजित की गई। इसमें साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रणधीर सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय, कांस्टेबल अजय कुमार और कोतवाली के उपनिरीक्षक सौरभ पांडेय ने छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उपस्थित अधिकारियों ने छात्रों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने के टिप्स दिए। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी अजनबी की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और अनजान लिंक या क्यूआर कोड स्कैन करने से बचें। कार्यशाला के दौरान भारत सरकार के गृह मंत्रालय की साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और www.cybercrime.gov.in पोर्टल के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। छात्रों को किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत इन माध्यमों से शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इस अवसर पर बैंकिंग फ्रॉड, व्हाट्सएप हैकिंग, ओएलएक्स ठगी, फर्जी ऐप, ऑनलाइन लोन स्कैम, गेमिंग फ्रॉड और सेक्सटॉर्शन जैसे विभिन्न साइबर अपराधों पर भी चर्चा की गई, ताकि छात्र इन खतरों से अवगत हो सकें। कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस कार्यशाला में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।