Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

नगर पालिका परिषद ने दी सड़क निर्माण की मंजूरी
FATEHPUR NEWS: शहर में पटेल नगर-शादीपुर रेलवे क्रॉसिंग के बीच लगभग सवा किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। यह मार्ग पिछले दस वर्षों से अधिक समय से जर्जर हालत में था, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे, खासकर सिंचाई विभाग के दोनों गेट के सामने और शादीपुर नाका पर, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद, नगर पालिका प्रशासन ने इस मार्ग के निर्माण को हरी झंडी दी है। सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर ठेकेदार को कार्य सौंप दिया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मौर्य ने बताया कि नगर पालिका परिषद क्षेत्र के लिए सड़क का रोडमैप तैयार हो चुका है और इसके लिए 34 लाख 95 हजार रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविन्द्र कुमार के अनुसार, सवा किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 14 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क को नवंबर माह में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। शहर की अन्य सड़कों के गड्ढामुक्त होने के बावजूद यह मार्ग उपेक्षित रहा था। वर्तमान में 50 नंबर रेलवे ओवरब्रिज मरम्मत के लिए बंद होने के कारण, शादीपुर नाका से भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। जर्जर सड़क और गड्ढों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी थीं। हाल ही में, पेयजल पाइपलाइन टूटने से हुए एक गड्ढे को विभिन्न मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका ने गिट्टी डालकर समतल कराया था। वैसे इस सड़क के शीघ्र निर्माण से इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन सुगम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अवर अभियंता अमर सिंह ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने का आश्वासन दिया है।