Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

31 अक्टूबर को होगी रन फॉर यूनिटी आयोजित
SAHARANPUR NEWS: शनिवार को मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग तथा प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयन्ती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गयी. सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि एक दूरदर्शी राजनेता और राष्ट्रीय एकता के निर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों को एक राष्ट्र में एकीकृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। उनकी चिरस्थायी विरासत का सम्मान करने और एकता, देशभक्ति और सेवा के उनके आदर्शों को सुदृढ करने के लिए, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पूरे देश में सरदार@150 समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को जनपद में भव्यता के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, निबंध, रंगोली, भाषण, वाद-विवाद आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने के साथ ही सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अध्यापकों द्वारा उनके विषय में छात्रों को बताया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक दिया जाएगा। उन्होने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में बेहतर कार्ययोजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि इस अवसर पर प्रत्येक विधानसभा में 08 किमी. की पदयात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक 02 किमी. के अंतराल पर पदयात्रा का पडाव होगा। उन्होने नगर निगम, नगर पालिकाओं एवं पंचायतों, पंचायत राज विभाग को निर्देश दिए कि पदयात्रा मार्ग की बेहतर साफ-सफाई किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि आयोजन के समय सुरक्षात्मक उपाय रखे जाएं तथा स्वास्थ्य विभाग पद यात्रा के दौरान चिकित्सीय टीम तैनात करे। सभी विभाग अपने-अपने कार्यालयों में सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित करें।
जनपद स्तर पर आयोजित की जाने वाली पद यात्रा का नेतृत्व माननीय सांसद, माननीय विधायक, विधान परिषद के सदस्यों के नेतृत्व में किया जाएगा। आयोजित की जाने वाली पदयात्रा में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेता, युवा प्रतिनिधि एवं स्वयंसेवक तथा मंगल दल के सदस्यों तथा स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को सम्मिलित किया जाए।
इस अवसर पर यूपी सिडको चेयरमैन वाई0पी0सिंह, महापौर डॉ0 अजय सिंह, विधायक नगर राजीव गुम्बर, विधायक गंगोह किरत सिंह, विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, जिलाधिकारी मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, नगर आयुक्त शिपू गिरी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, मुजफ्फरनगर कॉपरेटिव चेयरमैन डी.के.शर्मा, सहारनपुर कॉपरेटिव चेयरमैन राजपाल सिंह, जिलाध्यक्ष महेन्द्र सैनी, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पूर्व विधायक नरेश सैनी, महिपाल सिंह माजरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।