अजीतमल क्षेत्र में आम के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव क्षेत्र में सनसनी

AURAIYA NEWS: अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाहपुर तुमरिहा में एक 35 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक जांच- पड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पहचान श्रीकृष्ण उर्फ नक्की (35) पुत्र सोनेलाल कुशवाहा निवासी ग्राम शाहपुर तुमरिहा के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, श्रीकृष्ण की पत्नी अंजली बिहार की रहने वाली है, जो मानसिक रूप से कमजोर बताई जा रही है। दंपती के कोई संतान नहीं थी। उसका बड़ा भाई रामचंद्र अहमदाबाद में नौकरी करता है। परिवार में छह बहनें थीं, जिनकी सभी की शादियाँ हो चुकी हैं। ग्रामवासियों ने बताया कि श्रीकृष्ण गुरुवार की रात लगभग आठ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह ग्रामीणों ने खेत के पास आम के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगाए जाने की पुष्टि हुई है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार, श्रीकृष्ण शांत स्वभाव का व्यक्ति था और किसी से कोई विवाद नहीं था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *