Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पंचनद मेला एवं स्नान पर्व की व्यवस्थाओं की तैयारियों पर विस्तार से हुई चर्चा,10 दिवसीय मेला व स्नान पर्व 4 नवम्बर से शुभारम्भ
JALAUN NEWS: बुंदेलखंड के प्रसिद्ध पंचनद संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले 10 दिवसीय मेला व स्नान पर्व (4 नवम्बर 2025 से 13 नवम्बर 2025) की प्रशासनिक तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडे के निर्देशानुसार उपजिलाधिकारी माधौगढ़ राकेश सोनी की अध्यक्षता में पंचनद संगम स्थित श्री बाबसाहब मंदिर पर कई विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंध समिति व क्षेत्रीय प्रतिष्ठित लोगों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में गत वर्ष 2024 के मेले में आए प्रबंधकीय अनुभवों का मूल्यांकन करते हुए इस वर्ष सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आपातनिवारण पर विशेष चर्चा की गई। संगम तट पर सुविधाजनक स्नान घाट बनवाने, नदी के सुरक्षित गहरे हिस्सों पर लोहे की जाली लगाने तथा स्नान घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं के लिए अलग चेंज-रूम (वस्त्र बदलने की व्यवस्था), नदी तट पर उद्घोषक यंत्र/एनाउंसमेंट सिस्टम, और स्नान घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और परिचलन सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सुरक्षा व व्यवस्था के मद्देनजर नौकाओं व नाविकों की पंजीकरण प्रक्रिया, मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा प्वाइंट चिन्हित करना, परिवहन व पार्किंग प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था, चल शौचालय, खोया-पाया केन्द्र, तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था जैसे बिंदुओं पर विस्तृत रूपरेखा तय की गई। मेला क्षेत्र की भूमि खाली कराई जाएगी और दुकानदारों के लिए स्थान आवंटन की प्रक्रिया भी निर्धारित की गयी। इसके साथ ही पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों के आवास व भोजन, वैरियर प्वाइंट व ड्यूटी शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तहसीलदार गौरव कुमार, नायब तहसीलदार वैभव कुमार, रामपुरा थानाप्रभारी इंस्पेक्टर रजत कुमार सिंह, बिठौली (इटावा) थानाप्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र विक्रम सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रदीप राजपूत, एसडीओ विद्युत उमाशंकर सक्सेना, लेखपाल शशांक सोनी, ग्राम प्रधान मनोज कुमार सिंह सेंगर, सचिव राम मोहन, महंत सुमेरवन व मंदिर प्रबंध समिति से रामौतार तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं को सर्वोपरि रखते हुए मेले को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित व श्रद्धाभाव से संपन्न करवाया जाएगा।