टूटते बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, विभाग की लापरवाही आई सामने

FATEHPUR NEWS: खागा में 11000 वोल्ट की बिजली तार टूटकर गिरने से 18 वर्षीय युवक अनुज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना रविवार की दोपहर लगभग एक बजे राजपूत नगर में हुई, जब अनुज अपने खेतों में धान कूटने जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तत्काल बिजली विभाग को सूचित कर आपूर्ति बंद करवाई। सूचना पर बिजली विभाग के जेई डी.डी. सोलंकी, पुलिस और लेखपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी और शव को हरदो सीएचसी भेजवाया। जेई डी.डी. सोलंकी ने विभाग से बात कर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपए की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने भी सहयोग का वादा किया है। मृतक अनुज सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगी बिजली की तारें बहुत पुरानी और जर्जर हैं। इन्हीं तारों के भरोसे लगभग तेईस ट्यूबवेल संचालित होते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी इन तारों के टूटने से कई बार फसलें जल चुकी हैं, जिससे विभाग की लापरवाही सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *