नवविवाहिता गर्भवती महिला की मौत, ससुरालीजनों पर लगा आरोप

फाइल फोटो साधना एवं सूचना पर एकत्रित भीड़

मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप
FATEHPUR NEWS: जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के तौरा गांव में एक गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता अनूप सिंह लोधी ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी साधना की शादी मार्च 2025 में जनपद मलवां थाना क्षेत्र के सहिली गांव निवासी अवधेश कुमार के बेटे फूल सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और मारपीट करते थे। अनूप सिंह लोधी के अनुसार, ससुरालियों ने साधना को मायके में बात नहीं करने दी और सभी नंबर ब्लॉक कर दिए थे। उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन बेटी की सास ने फोन कर बताया कि साधना को बुखार है और उसे ले जाएं। इसके बाद 25 अक्टूबर, शनिवार देर शाम को साधना को अपने गांव तौरा लाया गया।
परिजनों का कहना है कि रविवार सुबह जब वे साधना को इलाज के लिए ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दीपावली के दिन बेटी की सास ने उसे चाय में कुछ मिलाकर पिलाया था, जिसके बाद से उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और उसे कोई इलाज भी नहीं दिया गया। परिजनों की सूचना पर अफोई चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और शव को विधिक कार्यवाही के लिए पोस्टमार्टम हेतु भेजा। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *