प्रदेश के मंत्री औद्योगिक विकास ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक

भू-माफियाओं को चिन्हित कर, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश
KAUSHAMBI NEWS: प्रदेश के मंत्री औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन,एन.आर.आई. एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग नन्द गोपाल गुप्ता “नन्दी” ने आज उदयन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मंत्री ने कहा कि जनपद कौशांबी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने के लिए भूमि चिन्हित कर शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कहा कि निवेश मित्र पोर्टल पर लम्बित शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाय। कोई भी शिकायत लंबित न होने पाए। उन्होंने सी.एम. युवा उद्यमी योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि अधिक से अधिक लोगों को बैंकों से ऋण उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर सके व और लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा सके। मंत्री ने सीएम डैश बोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं/इंडिकेटर्स की प्रगति की समीक्षा के दौरान कहा कि निर्धारित समय में ही खराब ट्रांसफार्मर को बदलवा दिया जाय तथा निर्धारित समय अवधि तक सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाय। उन्होंने जनपद में स्थित सभी गौ-आश्रय स्थलों में भूसा-चारा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों में लक्ष्य के सापेक्ष शत- प्रतिशत प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लम्बित राजस्व वादों,विशेष कर धारा-24 एवं धारा-34 के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने भू-माफियाओं को चिन्हित कर,उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस, तहसील दिवस एवं थाना दिवस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण किया जाय। मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से जनपद में कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि विवेचनाओ की नियमित रूप से समीक्षा की जाय,ताकि विवेचना अधिक समय तक लंबित न होने पाए। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्र में फूट पेट्रोलिंग किया जाय तथा दुकानदारों/व्यापारियों से संवाद भी किया जाय कि, उन्हें कोई परेशान तो नहीं कर रहा है। मंत्री ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए आवश्यक तैयारियों- पदयात्रा मार्ग पर एंबुलेंस की उपलब्धता,यातायात की सुचारू एवं आवश्यकता के अनुरूप विद्युत तारों को ऊंचा कराए जाने आदि कार्य समय से पूर्ण करा लिया जाय।  
 बैठक में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में निर्माणाधीन निर्माण कार्यों-राम वनगमन मार्ग की प्रगति, प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशांबी मार्ग की प्रगति, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कंप्यूटर लैब व अतिरिक्त कक्ष के निर्माण कार्यों की प्रगति, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में ट्रांजिट हॉस्टल आदि के निर्माण कार्य की प्रगति, अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्य की प्रगति, नर्सिंग कॉलेज व हॉस्टल के निर्माण कार्य की प्रगति तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण कार्य की प्रगति सहित आदि निर्माण कार्यों की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर,सदस्य उ.प्र.राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा,भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंझनपुर वीरेन्द्र फौजी, अध्यक्ष नगर पंचायत अजुहा शान्ति देवी कुशवाहा, रमेश अग्रहरि, प्रवेश केशरवानी तथा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार व मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *