Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दिए स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य टीम तैनाती के निर्देश
SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी छठ महापर्व को लेकर जिले में प्रशासनिक तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। रविवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने जिले के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शोहरतगढ़, बढ़नी बाजार, डुमरियागंज, बांसी तथा नौगढ़ क्षेत्र के जमुआर पुल छठ घाटों का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने नगर निकायों को सभी घाटों की नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, ऐसे में स्वच्छता और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने घाटों पर बैरिकेडिंग, जलस्तर के पास रस्सियां और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और रात के समय सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने को कहा। पुलिस विभाग को भी उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और श्रद्धालुओं के सुरक्षित आगमन एवं प्रस्थान की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य टीमों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय में तैयारियां पूरी कर पुनः निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, स्वच्छता और अनुशासन का प्रतीक है, और यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा और सुरक्षा प्रदान की जाए। इस अवसर पर एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह, ढेबरुआ थानाध्यक्ष नरायन लाल श्रीवास्तव, ईओ अजय कुमार, राजस्व निरीक्षक गंगोत्री पाण्डेय, ऋषभ मोदनवाल, कमलेश गुप्ता, राजेश तिवारी, शिवरतन कन्नौजिया, अंकित, गौरव और शनि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।