दारानगर कड़ा धाम में स्क्रब टाइफस का पहला मामला, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

KAUSHAMBI NEWS: दारानगर कड़ा धाम नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 में स्क्रब टाइफस का पहला मामला सामने आया है। इस बीमारी से पीड़ित मरीज नजमा बेगम बताई जा रही हैं। मामला सामने आते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कड़ा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में टेनीफास कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। टीम में डॉ. आसिफ सिद्दीकी, चिकित्सा कर्मी नायब राम चौधरी, गुरु वीर सिंह, शत्रुघ्न सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे। टीम ने मरीज के घर और आस-पास के इलाके की गहन जांच की और लोगों को बीमारी से बचाव के उपाय भी बताए।
क्या है स्क्रब टाइफस?
स्क्रब टाइफस एक संक्रामक रोग है जो माइट एक प्रकार का कीट  के काटने से फैलता है। यह बीमारी ओरिएंटा त्सुत्सुगामुशी नामक बैक्टीरिया से होती है। संक्रमित व्यक्ति को तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, शरीर पर लाल चकत्ते और कमजोरी की शिकायत होती है। यदि समय पर इलाज न किया जाए तो यह बीमारी जानलेवा भी साबित हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, घर के आसपास झाड़ियाँ न उगने दें और सोने से पहले शरीर पर कीट निरोधक क्रीम का उपयोग करें। बुखार या त्वचा पर घाव जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी नए मामले के लिए त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *