फतेहपुर पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान, युवाओं को सिखाए ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके

नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत साइबर थाना द्वारा जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित
FATEHPUR NEWS: आई 4 सी (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) के माध्यम से संचालित नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के अंतर्गत साइबर थाना फतेहपुर द्वारा मंगलवार को सी.पी.एस. फतेहपुर में एक जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेश भर में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य आमजनमानस को बढ़ते साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना है। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अपराध बृज मोहन राय के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला में उप निरीक्षक रणधीर व हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को भारत सरकार गृह मंत्रालय की साइबर हेल्पलाइन 1930 व वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई ताकि किसी भी ठगी या ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराई जा सके। कार्यक्रम में बैंकिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैनिंग, व्हाट्सएप हैकिंग, ओ एल एक्स व के वाई सी फ्रॉड, फर्जी लोन ऐप, गेमिंग ऐप धोखाधड़ी, सेक्सटॉर्शन, न्यूड कॉल ब्लैकमेलिंग आदि विषयों पर जागरूक किया गया। विशेष रूप से सेक्सटॉर्शन जैसे अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर दोस्ती करते हैं, फिर व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करते हैं। इस दौरान जनसामान्य के लिए पुलिस की प्रमुख सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं। यदि कॉल उठानी पड़े तो कैमरे पर अंगूठा या कवर रखें। ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जनपद के अन्य थानों में भी यह साइबर जागरूकता अभियान बृहद रूप में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *