Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने गंगा व पर्यावरण समिति की बैठक में दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में गंगा स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिया कि जिले के सभी गंगा घाटों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा घाटों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नदियों का जलस्तर घटने के बाद सीढ़ियों पर जमा सिल्ट की सफाई कराते हुए उसका फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और गीले व सूखे कूड़े का पृथक्करण संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कूड़े के निस्तारण से होने वाली आमदनी उसी ग्राम पंचायत के खाते में जमा कराई जाए और संबंधित अधिकारी प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराएं। सीडीओ ने सिंगल यूज प्लास्टिक की जब्तीकरण कार्रवाई को संवेदनशीलता के साथ नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी व दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें, इसके लिए उन्हें जागरूक किया जाए तथा कपड़े और जूट के थैलों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि ई-वेस्ट के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए और इसके एकत्रीकरण की समुचित व्यवस्था की जाए। जैव चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) का निस्तारण नियमानुसार और सही तरीके से किया जाए। सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में पंजीकृत अस्पतालों, पैथोलॉजी एवं मेडिकल संस्थानों की सूची उपलब्ध कराएं तथा मेडिकल वेस्ट निस्तारण करने वाले वाहनों की रैंडम जांच कराई जाए। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को निर्देशित किया कि आगामी वर्षाकाल के पौधरोपण के लिए उपलब्ध प्रजातियों की सूची तैयार कर जिला स्तरीय अधिकारियों से साझा करें ताकि प्रजातिवार पौधों की मांग प्राप्त की जा सके। सीडीओ ने कहा कि शासन की मंशानुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया जाए। यह जनसहभागिता आधारित अभियान पर्यावरण संरक्षण, गंगा नदी की स्वच्छता एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, डीसी मनरेगा, नमामि गंगे संयोजक शैलेन्द्र शरण सिंपल, गंगा सुरक्षा समिति के जिला परियोजना अधिकारी ज्ञान तिवारी, जूनियर रिसर्च फेलो दीपशिखा गुप्ता, खंड विकास अधिकारी, ईओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।