Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

डीएपी, यूरिया, एनपीके और एसएसपी सभी खादों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
FATEHPUR NEWS: जिला कृषि अधिकारी, फतेहपुर ने बताया कि जनपद में सहकारिता के बफर गोदामों में यूरिया, डीएपी, एनपीके और एसएसपी जैसे सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। किसानों की मांग के अनुरूप समितियों पर उर्वरकों का आवंटन और आपूर्ति लगातार कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी जोत एवं बोई जाने वाली फसलों की आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का वितरण पीओएस मशीनों के माध्यम से नजदीकी समितियों और निजी विक्रेताओं के जरिए कराया जा रहा है। जनपद में किसी भी प्रकार के उर्वरक की कमी नहीं है और बफर गोदामों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी तात्कालिक आवश्यकता और फसलों की मांग के अनुसार ही उर्वरक खरीदें तथा अनावश्यक रूप से उर्वरकों का भंडारण न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी समय में भी सभी प्रकार के उर्वरक यूरिया, डीएपी, एनपीके एवं एसएसपी की उपलब्धता और वितरण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के सभी बिक्री प्रतिष्ठानों से उर्वरक नमूने लेकर विश्लेषण हेतु लगातार भेजे जा रहे हैं।
वर्तमान में जनपद में निम्नलिखित उर्वरक स्टॉक उपलब्ध है
यूरिया: 19,434 मी. टन
डीएपी: 6,528 मी. टन
एनपीके: 8,951 मी. टन
एसएसपी: 4,630 मी. टन
इसके अतिरिक्त दिनांक 29 अक्टूबर 2025 को कृभको की एक डीएपी रैक सहकारिता क्षेत्र में प्राप्त होने जा रही है, जिससे उर्वरकों की आपूर्ति और भी सुदृढ़ होगी।