छठ महापर्व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न

JAUNPUR NEWS: लोक आस्था के महापर्व छठ का सफल एवं सकुशल आयोजन आज उदयाचल भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के नेतृत्व में समस्त प्रशासनिक एवं पुलिस टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, मीडिया बंधुओ तथा श्रद्धालुजनों के सहयोग से यह लोक आस्था का पर्व शांतिपूर्ण एवं श्रद्धाभाव से सम्पन्न हुआ। रजिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 कौस्तुभ ने पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर तथा नौका से भी विभिन्न घाटों एवं आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद भी स्थापित किया तथा उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि लोक आस्था एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा यह पर्व जिले की सामूहिक एकजुटता एवं अनुशासन का प्रतीक है। यह महापर्व न केवल आध्यात्मिक उन्नयन का माध्यम है, अपितु राष्ट्रीय एकता, प्राचीन भारतीय विरासत और प्रकृति से संवाद का भी प्रतीक है। जिलाधिकारी ने इस महापर्व पर छठ मैया से जनपदवासियों के लिए सुख, समृद्धि, यश, कीर्ति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि घाटों पर पूजन के पश्चात जो भी पूजन सामग्री अवशेष है, उसका निस्तारण समुचित तरीके से कराना सुनिश्चित करें तथा घाटों, नदियों, तालाबों पर साफ सफाई भी कराएं, इसमें जनसहयोग की भी अपील की गई। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नाविकों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की। साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुजनों से अपील की कि आगामी पर्वों को भी आपसी सद्भाव, स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ मनाएं, जिससे जौनपुर जिले की गंगा-जमुनी संस्कृति और अधिक सशक्त हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *