Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक एक जनसभा के दौरान कहते नजर आ रहे हैं कि ‘अगर मुस्लिम लड़के दो हिन्दू लड़की को ले जाते हैं और उन्हें मुस्लिम बनाते हैं, तो तुम 10 मुस्लिम लड़की लेकर आओ, शादी का पूरा खर्च हम देंगे, डरने की जरूरत नहीं है।’ वीडियो में राघवेन्द्र प्रताप सिंह यह भी कहते दिख रहे हैं कि अब अंधेर नगरी नहीं रही। अखिलेश यादव या मुस्लिम तुष्टिकरण करने वाली पार्टियों का जमाना खत्म हो चुका है। अब योगी जी का शासन है, किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि ‘दो लड़कियों के बदले कम से कम 10 मुस्लिम लड़की लेकर आओ, उन्हें हिन्दू बनाओ। शादी हम कराएंगे, नौकरी और रोजी-रोटी की भी व्यवस्था करेंगे।’ बताया जा रहा है कि यह वीडियो 16 अक्टूबर को धनखरपुर गांव में आयोजित एक जनसभा का है। इस दौरान उन्होंने डुमरियागंज की दो हिन्दू लड़कियों के कथित धर्म परिवर्तन का जिक्र करते हुए कहा कि ‘यह बात हमें पच नहीं रही। मुसलमानों को कह दो, दो का बदला भारी होने वाला है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम पहले छेड़ते नहीं, लेकिन कोई छेड़े तो हम छोड़ते नहीं हैं।’ वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। कई दलों ने इस बयान को साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाला और समाज में नफरत फैलाने वाला बताया है। लोगों का कहना है कि इस तरह के बयान क्षेत्र के आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकते हैं और इससे शांति-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। वहीं, प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई है।गौरतलब है कि पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह आए दिन अपने विवादित और भड़काऊ बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। इससे पहले भी वे कई बार अपने उत्तेजक भाषणों के कारण चर्चा में आ चुके हैं। इस बार भी उनके बयान ने जिले का सियासी तापमान बढ़ा दिया है और सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।