कांग्रेस प्रतिनिधि मण्डल ने पीड़ित रजनीश पटेल से की मुलाकात, पुलिस पर लगाया बर्बरता का आरोप

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत कपिलवस्तु के चम्पापुर निवासी रजनीश पटेल की कथित रूप से मोहाना थाना पुलिस द्वारा की गई बर्बरतापूर्ण पिटाई के मामले में मंगलवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधि मण्डल पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचा। प्रतिनिधि मण्डल में पूर्व विधायक रविन्द्र प्रताप चौधरी, पूर्व विधायक धीरु सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अरशद खुर्शीद एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने रजनीश पटेल के परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर उनके साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। नेताओं ने इस घटना को पुलिसिया तांडव बताते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में पुलिस बेलगाम हो गई है और आए दिन दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों पर अत्याचार कर रही है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी व बर्खास्तगी की मांग की। साथ ही पीड़ित के इलाज के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर प्रतिनिधि मण्डल के साथ पूर्व विधानसभा प्रत्याशी देवेन्द्र कुमार गुड्डू, जिला अध्यक्ष बस्ती विश्वनाथ चौधरी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह अन्नू, सादिक अहमद, अश्विनी सिंह सोलंकी, असलम खुर्शीद, सबरे आलम, रियाज़ मनिहार, इश्तियाक चौधरी, होरी लाल श्रीवास्तव, रितेश त्रिपाठी, जाकिर हुसैन खान, डॉ. प्रमोद कुमार, शौकत अली, त्रियुगी शर्मा, अभिनव पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *