पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा अंतर्जनपदीय बदमाश बना रहे थे चोरी की योजना, छह अभियुक्त गिरफ्तार

JALAUN NEWS: जालौन जनपद की कोच कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अदद अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक अर्टिगा कार, ताला तोड़ने के उपकरण, लोहे की रॉड, चाकू, पेचकश, प्लास, दस्ताने, मास्क, टॉर्च व अन्य चोरी के सामान बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोच एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। सूचना थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति वाहन चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से छह अभियुक्तों को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे उरई, कानपुर नगर एवं आसपास के जिलों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस सराहनीय कार्यवाही में कोच कोतवाली पुलिस टीम के साथ एसओजी एवं सर्विलांस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता एवं सफलता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *