Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

शाकुम्बरी चीनी मिल, टोडरपुर के मिल मालिकों को लगाई फटकार
SAHARANPUR NEWS: जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के सम्बन्ध में किसान संगठनों, शाकुम्बरी चीनी मिल के मिल मालिकों, उप गन्ना आयुक्त, एवं जिला गन्ना अधिकारी के साथ बैठक की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा चीनी मिल टोडरपुर के मालिकों को कड़ी फटकार लगाते हुए टैगिंग के सापेक्ष व्यावर्तित धनराशि 04.53 करोड़ रुपये का दो दिवस में भुगतान करने तथा पेराई सत्र 2024-25 का किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिये गये। जिसके क्रम में चीनी मिल टोडरपुर के प्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि टैगिंग के व्यावर्तन की धनराशि 04.53 करोड़ रुपये की धनराशि दो कार्य दिवस में गन्ना मूल्य भुगतान हेतु एस्क्रो एकाउण्ट में स्थानान्तरित कर दी जायेगी तथा पेराई सत्र 2024-25 में खरीदे गये गन्ने का समस्त अवशेष भुगतान माह नवम्बर 2025 तक कर दिया जायेगा। चीनी मिल प्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिया गया कि चीनी मिल द्वारा पेराई सत्र 2025-26 का प्रारम्भ 25 नवम्बर, 2025 तक कर दिया जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा चीनी मिल मालिकों से लिखित आश्वासन लिया गया तथा जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया गया कि यदि दिये गये आश्वासन के अनुसार चीनी मिल द्वारा भुगतान नहीं किया जाता है तो उनको अवगत कराते हुए चीनी मिल के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, उपजिलाधिकारी बेहट मानवेन्द्र सिंह, उप गन्ना आयुक्त, परिक्षेत्र सहारनपुर ओमप्रकाश सिंह, जिला गन्ना अधिकारी सुशील कुमार, चीनी मिल मालिकगण राहिल शेख, संजय तापरिया, कुशलपाल मावी, नन्दकिशोर चुग एवं किसान संगठनों के प्रतिनिधि तथा कृषकगण उपस्थित रहे।