धान खरीद के लिए नियंत्रण कक्ष गठित, विपणन निरीक्षक योगेश्वर शुक्ल बने प्रभारी

सुबह 9 से शाम 5 बजे तक रहेगा कंट्रोल रूम संचालित, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला खाद्य विपणन अधिकारी (प्रभारी) फतेहपुर ने जानकारी दी कि शासन द्वारा जारी धान क्रय नीति वर्ष 2025-26 के तहत जनपद में धान खरीद नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) का गठन किया गया है। इस कक्ष के प्रभारी के रूप में योगेश्वर शुक्ल, विपणन निरीक्षक को नियुक्त किया गया है, जो कार्यालय जिला खाद्य विपणन अधिकारी फतेहपुर से कार्य करेंगे। नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक खुला रहेगा। इस दौरान किसान और एजेंसियां धान खरीद से संबंधित सभी सूचनाएं और समस्याएं प्रभारी से संपर्क कर साझा कर सकते हैं। नियंत्रण कक्ष प्रभारी शुक्ल से सीधे मोबाइल नंबर 8299081563 पर संपर्क किया जा सकता है। आगे बताया कि सभी धान क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप पर धान खरीद, चावल मिलों को प्रेषण, मिलों द्वारा सीएमआर की केन्द्रीय पूल में डिलीवरी, एक्नॉलेजमेंट, बिलिंग और अवशेष भुगतान आदि की जानकारी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे तक नियंत्रण कक्ष में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि नियंत्रण कक्ष कार्यदिवसों के अलावा अन्य अवकाश के दिनों में भी प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक क्रियाशील रहेगा। केवल रविवार एवं राजपत्रित अवकाशों को छोड़कर यह व्यवस्था लागू रहेगी। उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष से प्राप्त समस्त संकलित सूचनाएं प्रतिदिन समय से सम्भागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय प्रयागराज एवं अन्य उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएंगी, ताकि खरीद प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारु बनी रहे। अधिकारी ने कहा कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे शासन द्वारा निर्धारित दरों पर अपने उत्पाद की बिक्री के लिए अधिकृत क्रय केन्द्रों पर ही धान बेचें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *