Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत पुलिस ने महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक
FATEHPUR NEWS: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस ने बुधवार को जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा संबंधी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन योजना (सुमन), महिला शक्ति केंद्र योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस), 181 (महिला हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) की जानकारी देकर सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों ने इन नंबरों के उपयोग की विधि समझाई और मोबाइल पर “पैनिक बटन” फीचर का डेमो भी दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं तुरंत मदद पा सकें। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पंपलेट और जागरूकता सामग्री भी वितरित की, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं इन योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही जनपद के पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह का संदेश भी बताया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक द्वारा कहा गया कि मिशन शक्ति अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और सुरक्षा का संकल्प है। जनपद पुलिस का लक्ष्य है कि हर बेटी सुरक्षित महसूस करे और आत्मनिर्भर बने। बताते चलें कि जनपद के सभी थानों में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाएं अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।