Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में उड़ान भरी। इसके साथ ही उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। राष्ट्रपति 29 अक्टूबर बुधवार को हरियाणा के अंबाला स्थित वायु सेना स्टेशन पहुंची थीं।
भारतीय वायु सेना के लिए गौरव का क्षण
यहां उन्होंने वायु सेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में सॉर्टी यानी उड़ान भरी। इस दौरान राष्ट्रपति ने फाइटर पायलट सूट व अन्य सभी आवश्यक उपकरण भी पहने। यह अवसर भारतीय वायु सेना के लिए गौरव का क्षण रहा। अंबाला भारतीय वायु सेना का एक प्रमुख एयरबेस है। यह एयरफोर्स स्टेशन राफेल लड़ाकू विमानों के स्क्वाड्रन की तैनाती का एक प्रमुख केंद्र भी है। यही कारण है कि इसे भारत की हवाई सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार माना जाता है।
इससे पहले सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में भरी है उड़ान
यह पहला अवसर नहीं है जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भारतीय वायु सेना के किसी फाइटर जेट में सवार हुई हों। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 8 अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर वायुसेना स्टेशन पर सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी। उस समय उन्होंने भारतीय वायुसेना के पायलटों के साथ अनुभव साझा करते हुए वायुसेना की दक्षता, अनुशासन और समर्पण की सराहना की थी।
वायु सेना प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे
रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान ‘राफेल’ में राष्ट्रपति की यह उड़ान भारतीय वायु सेना की आधुनिकता, क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के रक्षा प्रयासों का प्रतीक है। बुधवार को राष्ट्रपति मुर्मु के इस दौरे के समय वायु सेना प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इसके माध्यम से राष्ट्रपति ने भारतीय वायु सेना के पराक्रम, तकनीकी दक्षता और सैन्य शक्ति के योगदान को सैल्यूट किया।
देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन भारत की राष्ट्रपति, भारत की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर भी हैं
गौरतलब है कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन भारत की राष्ट्रपति, भारत की तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर भी है। राफेल फाइटर जेट को भारतीय वायुसेना के लिए फ्रांस से खरीदा गया है। वायुसेना के बाद अब भारतीय नौसेना के लिए भी राफेल की खरीद की जा रही है। भारत और फ्रांस के बीच ‘राफेल मरीन’ लड़ाकू विमानों का सौदा तय हो चुका है। राफेल मरीन विमानों की खरीद के लिए यह सरकार-से-सरकार की डील है।
इस डील के तहत फ्रांस द्वारा भारतीय नौसेना को मरीन (एम) श्रेणी के 26 राफेल विमानों की आपूर्ति की जाएगी
इस डील के तहत फ्रांस द्वारा भारतीय नौसेना को मरीन (एम) श्रेणी के 26 राफेल विमानों की आपूर्ति की जाएगी। तय सौदे के मुताबिक भारतीय नौसेना को फ्रांस द्वारा 26 राफेल मरीन फाइटर जेट की डिलीवरी दी जाएगी। इनमें से 22 फाइटर जेट सिंगल-सीटर होंगे। वहीं, नौसेना को चार ट्विन-सीटर वेरिएंट के ट्रेनिंग राफेल विमानों की डिलीवरी भी की जाएगी।
नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल-एम लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) ने नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल-एम लड़ाकू विमानों की खरीद को मंजूरी दी थी। सीसीएस से मिली इस मंजूरी के बाद यह डील हुई।(इनपुट-आईएएनएस)