नेपाल भेजी जा रही 110 बोरी यूरिया के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार

SIDHARTHNAGAR NEWS:भारत-नेपाल सीमा पर बुधवार की रात एसएसबी 50वीं वाहिनी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 110 बोरी यूरिया बरामद की गई, जिसे नेपाल तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। एसएसबी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बोलेरो पिकअप वाहनों से ढेबरुआ से तुलसियापुर मार्ग होते हुए नेपाल की ओर यूरिया की तस्करी की कोशिश की जा रही है। सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए एसएसबी और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से मार्ग पर घेराबंदी की। देर रात संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर जांच की गई। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम अब्दुल खालिक पुत्र अमीन निवासी मदरहिया पोस्ट औदही कला, थाना ढेबरुआ बताया, जबकि साथ में मौजूद युवक ने अपना नाम मनीष मौर्य पुत्र मनोज मौर्य निवासी ग्राम मदरहिया पोस्ट औदही कला, थाना ढेबरुआ बताया। वाहन में 110 बोरी यूरिया लदी मिली, जिसे दोनों नेपाल भेजने की फिराक में थे। मौके पर वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर टीम ने यूरिया की पूरी खेप जब्त कर ली और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ढेबरुआ पुलिस को सुपुर्द कर दिया। बरामद बोलेरो पिकअप वाहन संख्या यूपी 55 बीटी 1482 व यूपी 55 टी 7895 को भी कब्जे में लिया गया है। बरामद यूरिया की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इस बरामदगी की कार्रवाई में एसएसबी 50वीं वाहिनी सी समवाय उपनिरीक्षक चुरामणि, विक्रम सिंह, सूरज सिंह, मुलायम सिंह, कृष्णा कुमार यादव, जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल , रविंद्र नाथ पांडे, यूपी पुलिस के राजकिशोर यादव और जितेंद्र राजभर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *