Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: तहसील नौगढ़ क्षेत्र के विकास खंड बर्डपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर-06 में ‘गांव की समस्या गांव में समाधान’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान इंजीनियर प्रदीप चौधरी ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और उनका प्रत्यक्ष फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें शासन की अधिकांश योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसलों की क्षति का मुआवजा समय से भुगतान किया जाए। राशन वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता न हो तथा पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं, ताकि वे पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वरासत के प्रकरणों का निस्तारण समय सीमा के भीतर किया जाए। पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर पेंशन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए, इसमें लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या पुलिस सहायता के लिए तुरंत 112 डायल करें। उन्होंने बताया कि हर थाने में सहायता हेतु हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। पुलिस हमेशा जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, संयुक्त मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी नौगढ़, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, परियोजना निदेशक नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, ग्राम पंचायत सचिव मनोहर लाल बरनवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।