Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

छात्रों को बताया गया साइबर ठगी से कैसे बचें
FATEHPUR NEWS: साइबर अपराधों से बचाव के लिए साइबर पुलिस थाना फतेहपुर की टीम ने शुक्रवार को मदर सुहाग एजुकेशन सेंटर, सुल्तान नगर फतेहपुर में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की। यह कार्यक्रम नेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस माह के तहत किया गया। कार्यशाला का आयोजन पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पाल सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अपराध बृज मोहन राय के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में साइबर थाना फतेहपुर के निरीक्षक कमर अब्बास, मुख्य आरक्षी अखिलेश उपाध्याय और आरक्षी अरुण कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजकल बैंक फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैन कर ठगी, व्हाट्सएप हैकिंग, ऑनलाइन लोन स्कैम, गेमिंग ऐप और फर्जी वेबसाइटों से ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। कार्यशाला में छात्रों को यह भी बताया गया कि अगर कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाए, तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही पुलिस टीम ने बताया कि अपराधी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर लोगों को फंसाते हैं। वे वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो दिखाकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेते हैं और बाद में ब्लैकमेल करते हैं। लोगों को सलाह दी गई कि किसी अजनबी की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं। जनपद के अन्य थानों में भी इस तरह की साइबर जागरूकता गतिविधियाँ लगातार चल रही हैं। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य डी. के. श्रीवास्तव, राजोल सिंह, विनय तिवारी, रश्मि सचान, श्रद्धा समेत कई शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।