Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

‘रन फॉर यूनिटी’ ने युवाओं में जगाई राष्ट्रभक्ति की भावना
FATEHPUR NEWS: भारत माता के महान सपूत, लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित सभी विकासखंड, नगरपालिका एवं नगर पंचायतों में एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम पटेल नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर आयोजित हुआ, जहां भाजपा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर यूनिटी मार्च (रन फॉर यूनिटी) में भाग लिया। पदयात्रा का नेतृत्व कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, विधायक कृष्णा पासवान, विधायक राजेंद्र पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, जिलाधिकारी रविंद्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। कार्यक्रम संयोजक पुष्पराज पटेल तथा सह संयोजक अर्चना त्रिपाठी व रेखा मिश्रा के संयोजन में पदयात्रा पटेल नगर से पथरकटा चौराहा, डॉ. श्यामलाल गुप्त पार्षद चौराहा होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह तक संपन्न हुई। प्रेक्षागृह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय अखंडता पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात ब्रिटिश सरकार भारत को खंडों में विभाजित करना चाहती थी, परंतु लौह पुरुष सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ निश्चय ने भारत को एक सूत्र में बांध दिया। आज का ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है। इसी कड़ी में भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल ने कहा कि भारत आज विश्वशक्ति के रूप में खड़ा है, इसका श्रेय सरदार पटेल जैसे महान विचारक और कर्मयोगी को जाता है, जिनके नेतृत्व में भारत आज ज्येष्ठ और श्रेष्ठ राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित हुआ है। इस आयोजन के विषय में जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ देश के युवाओं में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना का संचार करने वाला कार्यक्रम है, जो श्रद्धेय सरदार साहब की प्रेरणादायी स्मृतियों को नमन करते हुए युवाओं को ‘नए भारत’ के निर्माण के लिए एक सूत्र में जोड़ता है। कार्यक्रम में अन्नू श्रीवास्तव, अपर्णा सिंह गौतम, आचार्य कमलेश योगी, उदय लोधी, नीरज सिंह, कुलदीप भदौरिया, मनोज मिश्रा, प्रदीप बाजपेयी, विकास पासवान, पंकज त्रिपाठी, मधुराज विश्वकर्मा, राजेश सिंह जनसेवक, नितिन सिंह, आदित्य त्रिवेदी, अजय सिंह रिंकू लोहारी, संजय गुप्ता, देवनाथ धाकड़े, सिद्धार्थ दीक्षित, अखिलेश पटेल, पवन साहू, पिंटू सिंह, राजू पाल बिलंदा, अवनीश मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।