बेटी पैदा होने पर ससुरालीजनों ने घर से निकाला, पीड़िता ने मांगा न्याय

पीड़िता ने पति, सास – ससुर, ननद पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
FATEHPUR NEWS: जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने ससुराल पक्ष पर बेटी पैदा होने के बाद प्रताड़ित करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए पति सहित ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताते चलें कि खासमऊ गांव की रीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी सुनील कुमार से हुई थी। रीता का आरोप है कि उसकी सास, ससुर और ननद कोमल उसे बेटी पैदा होने को लेकर ताने मारते और प्रताड़ित करते थे। महिला के अनुसार, ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी करते थे। रीता देवी ने बताया कि 21 जुलाई 2025 को ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया। वह इस समय अपने मायके सखियांव गांव में रह रही है। रीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों की मारपीट से उसके गर्भाशय में गंभीर चोट आई, जिससे अधिक रक्तस्राव हुआ और उसका गर्भ नष्ट हो गया। उसका इलाज पहले गंगा देवी हॉस्पिटल ट्रामा सेंटर कानपुर में हुआ और अब उसके पिता सदर अस्पताल फतेहपुर में उसका उपचार करवा रहे हैं। महिला ने बताया कि उसने इस घटना की सूचना खागा कोतवाली में दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने पुलिस अधीक्षक से पति सुनील कुमार, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश कोतवाली प्रभारी को दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *