Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: कड़ा ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सौरई बुजुर्ग में शुक्रवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय क़ी प्रधानाध्यापक रूपा साहू एवं शिक्षक अजय साहू व समस्त स्टाफ द्वारा सरदार पटेल और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षक अजय साहू ने छात्रों को सरदार पटेल के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक बातें बताईं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ निश्चय, देशभक्ति और संगठन कौशल से 565 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक अखंड राष्ट्र बनाया। शिक्षक ने छात्रों को संदेश दिया कि वे ऊंच-नीच, जाति-धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को भाई-बहन की तरह सम्मान दें। उन्होंने कहा क़ी लौह पुरुष का सपना था कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति सबसे पहले भारतवासी है। जयंती के अवसर पर विद्यालय में निबंध स्पीच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रों ने सरदार पटेल के योगदान को अपनी रचनाओं के माध्यम से जीवंत किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के बाद गांव में रन फॉर यूनिटी के तहत एकता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के उपरांत सभी प्रतिभागियों को मिष्ठान वितरण किया गया। विद्यालय की शिक्षिका राठौर शशि देवी, शिक्षक रामप्रसाद, आशीष श्रीवास्तव एवं शिवम केसरवानी सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।