Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जौनपुर राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक व पूर्व सांसद धनंजय सिंह, संरक्षक एमएलसी बृजेश सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को निकली जन एकता यात्रा ने पूरे जौनपुर को एकता और भाईचारे के रंग में रंग दिया। लगातार झमाझम बारिश के बीच उमड़े हजारों लोगों के सैलाब ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया, मानो पूरा शहर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प में एकजुट हो गया हो। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित यह यात्रा न सिर्फ भीड़ के लिहाज़ से ऐतिहासिक रही, बल्कि संदेश के स्तर पर भी दिलों को झकझोर देने वाली साबित हुई।
सुबह से ही मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। भगवान शिव के डमरू वादन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद पूर्व सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश सिंह ने सरदार पटेल व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर यात्रा की शुरुआत की। नारे गूंजे “एकता का संदेश – देश का विकास”, “सरदार पटेल अमर रहें”। अनुशासित काफिला शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए तिलकधारी कॉलेज स्थित महाराणा प्रताप व्यायामशाला पहुँचा, जहाँ जनसागर के बीच इसका समापन हुआ।व्यायामशाला में प्रधानाचार्य सत्यप्रकाश सिंह ने पूर्व सांसद धनंजय सिंह का भव्य स्वागत किया और सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान धनंजय सिंह ने भावनाओं से भरे स्वर में कहा
सरदार पटेल ने जिस अखंड भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हमारे कंधों पर है। हमें जाति, धर्म और राजनीति की दीवारें तोड़कर एकता की राह पर चलना होगा।”
वहीं एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा
युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”
कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रमुख के.डी. सिंह, पूर्व प्रमुख गप्पू सिंह, आशुतोष सिंह, विनय सिंह, अमित सिंह टाटा, पुनीत सिंह, राणा सिंह, रत्नदीप सिंह, जयप्रकाश सिंह, शिवेंद्र सिंह, दुर्गेश सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बारिश और जाम के बीच भी जोश बरकरार
यात्रा के दौरान शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। पुलिस प्रशासन को हालात संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बॉर्डर पर रोके गए कई समर्थक जब पूर्व सांसद के हस्तक्षेप से भीतर आए, तब तक यात्रा अपने समापन की ओर थी — लेकिन उनके चेहरों का उत्साह बताता था कि यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि एक जनजागरण की शुरुआत है।
भाजपा के झंडों से सजी गाड़ियां बनी चर्चा का केंद्र
यात्रा में भाजपा का झंडा लगी दर्जनों गाड़ियों का काफिला भी दिखाई दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। इससे यह संदेश गया कि जन एकता की इस पुकार को सीमाओं से परे समर्थन मिल रहा है। बारिश की फुहारों, नारेबाजी और हजारों दिलों के एक सुर में गूंजते स्वर के बीच जौनपुर ने शुक्रवार को एकता की ऐसी तस्वीर देखी, जो आने वाले वक्त में मिसाल बनेगी।
यह यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में समरसता और राष्ट्रभक्ति की नई चेतना का उदय थी।