बेमौसम बरसात से प्रभावित किसानों को मुआवजे के लिए प्रमोद व मोना ने लिखा सीएम को पत्र

PRATAPGARH NEWS: विधायक एवं कांग्रेस विधानमण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना व राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने चक्रवाती तूफान मोंथा से खरीफ की फसल को हुए नुकसान पर गहरी चिंता जतायी है। सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक आराधना मिश्रा मोना ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि चक्रवाती तूफान के कारण प्रतापगढ़ समेत प्रयागराज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर कौशाम्बी, जौनपुर, मीरजापुर, फतेहपुर, सोनभद्र, वाराणसी, भदोही समेत लगभग पूरे प्रदेश में तेज हवा के साथ कई दिनों से बेमौसम बरसात हुई है। नेताद्वय ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि इस बेमौसम बरसात के कारण किसानों की खरीफ की प्रमुख फसल धान लगभग पूरी तरह से बर्बाद हो गयी है। सांसद प्रमोद तिवारी व विधायक मोना ने कहा कि खेतों में धान की फसल की कटाई के साथ खड़ी फसल को बेमौसम बारिश से भारी नुकसान हुआ है। पत्र में विधायक एवं सांसद द्वारा मुख्यमंत्री का ध्यान बेमौसम बरसात के साथ ओलावृष्टि के कारण उत्पन्न भयावह स्थिति पर भी आकृष्ट किया गया है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि आलू, मटर, सरसों आदि के भी उत्पादन में ओलावृष्टि और बारिश विपरीत प्रभाव अत्यन्त चिन्ताजनक है। सीएम को लिखे पत्र में कहा गया है कि खरीफ की फसल के साथ ही इस बेमौसम बरसात से रवी की फसल भी प्रभावित होगी। नेताद्वय ने कहा है कि इससे किसानांे को दोहरी मार पड़ेगी। वहीं इस आपदा से किसान परिवारों के सामने भरण-पोषण व बच्चों की शिक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। वहीं मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था न हो सकने की स्थिति में छुटटा जानवरों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी होगी। सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में अनुरोध किया है कि फसल नुकसान की गंभीर समस्या को देखते हुए किसानों को प्रति एकड़ के हिसाब से अधिक से अधिक मुआवजा दिया जाय। नेताद्वय के द्वारा सीएम को लिखे पत्र की जानकारी यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने जारी विज्ञप्ति मे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *