जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और गरीबों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
FATEHPUR NEWS: तहसील सदर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाए और शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही या उदासीनता बरती गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि शासन की लाभार्थीपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब और पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। किसी भी पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
इस दौरान कुल 102 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 08 मामलों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु भेजे गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं की जांच करें और ठोस समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जिम्मेदार प्रशासन देना हम सभी की प्राथमिकता है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, तहसीलदार सहित राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *