जसराजपुर के ग्राम प्रधान हरिओम कुबेर सिंह को मिला राष्ट्रीय सम्मान, बढ़ाया मान

ग्राम विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए नई दिल्ली में किया गया सम्मानित
FATEHPUR NEWS: जनपद फतेहपुर के हथगाम विकास खंड के जसराजपुर गांव के ग्राम प्रधान हरिओम कुबेर सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें नई दिल्ली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित “मॉडल युवा ग्राम सभा : लोकतंत्र की पाठशाला” कार्यक्रम में यह सम्मान मिला। कार्यक्रम का आयोजन पंचायती राज मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और जनजातीय मामलों के मंत्रालय के सहयोग से किया गया था। देशभर से चुने गए 200 युवा ग्राम प्रधानों में हरिओम कुबेर सिंह का चयन उनके ग्राम विकास, शिक्षा और नवाचारपूर्ण कार्यों के लिए किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय पंचायती राज मंत्री एस.पी. बघेल ने उन्हें सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान किया, वहीं केंद्रीय जनजातीय मंत्री दुर्गा प्रसाद ने भी उनके कार्यों की सराहना की। सम्मान प्राप्त करने के बाद हरिओम कुबेर सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथियों ने उनसे ग्राम विकास, शिक्षा और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का विकसित भारत 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब गांवों में युवा नेतृत्व सक्रिय रूप से विकास की दिशा में काम करेगा। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे 20 रुपये के प्रीमियम पर मिलने वाले 2 लाख रुपये के जोखिम बीमा, जीवन ज्योति बीमा, नवोदय विद्यालय और जनजातीय आवासीय योजनाओं पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी विवेक भारद्वाज सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जसराजपुर ग्राम प्रधान हरिओम कुबेर सिंह का यह सम्मान पूरे हथगाम क्षेत्र और जनपद फतेहपुर के लिए गर्व की बात माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *