Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

शिकायतों का गुणवत्तापरक, समयबद्ध निस्तारण करें अफसर :
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 1 नवंबर को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील पलिया के सभागार में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने एक ओर जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे।
जनसुनवाई के दौरान डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण करें और भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे। इस समाधान दिवस में कुल 74 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत हुए, जिनमें से 06 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 35, पुलिस विभाग की 13, विद्युत विभाग की 07, नगर निकाय की 05, विकास विभाग की 04, आपूर्ति 02 और अन्य की 08 शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसडीएम डॉ अवनीश कुमार, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
समाधान दिवस पर मुस्कुराए चेहरे : लाभार्थियों को मिली योजनाओं की सौगात
संपूर्ण समाधान दिवस जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का साक्षी बना। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा और सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंच से स्वयं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सौंपा। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टेलरिंग ट्रेड के तीन लाभार्थियों को सिलाई मशीन और प्रेस प्रदान की गई। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को पाँच-पाँच लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक सौंपे गए, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पाँच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। अधिकारियों के हाथों लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान खिल उठी।