Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: तहसील इटवा में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में जन सुनवाई कार्यक्रम संपन्न हुआ।जिलाधिकारी ने राजस्व, विकास, शिक्षा, पूर्ति सहित अन्य विभागों की शिकायतों की सुनवाई की। पुलिस से संबंधित मामलों की सुनवाई एसपी डा. अभिषेक महाजन द्वारा की गई। जिलाधिकारी ने पिछले समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या का अवलोकन किया और तत्काल जांच टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित विवादों का निस्तारण मौके पर जाकर किया जाए। साथ ही निर्देश दिया कि आईजीआरएस तथा तहसील समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपालों को निर्देश दिया कि भूमि संपत्ति रजिस्टर तथा भूमि विवाद रजिस्टर अवश्य बनाएं और किसी भी मामले के निस्तारण से पूर्व मौके पर निरीक्षण कर आख्या प्रेषित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग का मामला लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। समाधान दिवस में कुल 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व 19, पुलिस 05, विकास 04, विद्युत 03, कृषि 02, नगर पंचायत 05 एवं अन्य 08 प्रकरण शामिल थे। इनमें से राजस्व से संबंधित 05 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को तीन दिन के अंदर शत-प्रतिशत निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मु. मुजम्मिल, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, तहसीलदार इटवा, सभी थानाध्यक्ष, खण्ड विकास अधिकारी, सीडीपीओ तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।