सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का निरीक्षण, दो पीएचसी पर देखीं सेवाएं

मरीजों को गुणवत्ता परक स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश
LAKHIMPUR KHERI NEWS: मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने रविवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी फरधान के अंतर्गत कालाआम तथा सीएचसी फूलबेहड़ के अंतर्गत पीएचसी सुन्दरवल का निरीक्षण जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनिल यादव के साथ किया।निरीक्षण के दौरान चिकित्साधिकारी एवं पैरामेडिकल स्टाफ अपने कार्यों में तत्पर पाए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने मरीजों के उपचार और जांच की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्टाफ को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मरीजों को देखें, आवश्यक जांचें समय से करें, और हर मरीज को गुणवत्ता परक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डॉ. गुप्ता ने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, दवा वितरण एवं मरीजों के भर्ती वार्डों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित वार्डों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर मरीज को उचित सुविधा मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला” का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने का लक्ष्य है। जन आरोग्य मेले के दौरान विभिन्न बीमारियों की जांच, परामर्श एवं दवा वितरण की सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण करें और जन आरोग्य मेलों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *